चैनल सेलेक्शन के नए नियमों से टीवी देखना महंगा नहीं होगा: ट्राई

टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने बुधवार को फिर कहा कि नए नियमों से उपभोक्ताओं के टीवी बिल में इजाफा नहीं होगा। ट्राई ने क्रिसिल की उस रिपोर्ट को भी खारिज किया जिसमें कहा गया है कि नए नियमों से टीवी देखने का बिल 25% तक बढ़ जाएगा। ट्राई के चेयरमैन आर एस शर्मा ने कहा कि क्रिसिल की रिपोर्ट के आधार गलत और तथ्यहीन हैं। इसलिए रिपोर्ट भी गलत है।

डीटीएच प्रोवाइडरों के खिलाफ मिल रहीं शिकायतें
ट्राई प्रमुख ने कहा कि कई उपभोक्ताओं की शिकायत आ रही है कि उनका डीटीएच प्रोवाइडर चैनलों के चयन, मल्टीपल टीवी कनेक्शन और लंबी अवधि के पैक के मामलों में नए नियमों को पूरी तरह लागू नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता को चैनल चुनने की आजादी मिलनी ही है। इसमें बाधा डालना रेग्युलेटरी फ्रेमवर्क के खिलाफ है।

टॉप-10 चैनल पर 25% ज्यादा खर्च: क्रिसिल
क्रिसिल ने कहा था कि नई गाइडलाइन के मुताबिक ब्रॉडकास्टर और डिस्ट्रीब्यूटर जो कीमत तय कर रहे हैं उससे उपभोक्ताओं का टीवी बिल बढ़ सकता है। अगर उपभोक्ता टॉप-10 चैनलों का चुनाव करता है तो उसका बिल 25% तक बढ़ सकता है। उपभोक्ता को जहां पहले 230-240 रुपए देने होते थे, वहीं अब 300 रुपए देने होंगे। टॉप-3 चैनल चुनने पर बिल घटेगा।

क्रिसिल की रिपोर्ट सही नहीं: ट्राई
ट्राई के अनुसार क्रिसिल ने जिस आधार पर चैनल चुने हैं वह आम उपभोक्ताओं की पसंद से मेल नहीं खाता है। कोई भी उपभोक्ता हिंदी, तमिल, बांग्ला, मलयालम और अंग्रेजी के चैनल एक साथ नहीं चुनेगा। ट्राई चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने दो अलग-अलग ऑपरेटरों की पुरानी और नई कीमतों की तुलना की। दोनों में बिल पहले की तुलना में कम आए।

दो ऑपरेटरों के नए बिल पुराने की तुलना में सस्ते: ट्राई
ट्राई ने कहा कि उसने दिल्ली और मुंबई में दो अलग-अलग ऑपरेटरों से पुराने और नए नियमों के तहत बिल की तुलना की और पाया कि बिल में कमी आई है। ट्राई ने यह नहीं बताया कि उस में कौन-कौन से चैनल शामिल किए गए थे।

कुछ ग्राहकों का डीटीएच बंद होने पर एयरटेल को नोटिस
ट्राई ने डीटीएच सेवा में बाधा को लेकर एयरटेल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। एयरटेल के कुछ डीटीएच ग्राहकों को नई शुल्क व्यवस्था में ट्रांसफर के दौरान परेशानियों का सामना करना पड़ा था और उनका डीटीएच बंद हो गया था। सूत्रों ने बताया कि ट्राई ने इसी सप्ताह एयरटेल को नोटिस भेजा है और उसे तीन दिन में जवाब देने को कहा है। इस बारे में संपर्क करने पर एयरटेल के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ ग्राहकों को चैनलों को लेकर देरी का सामना भी करना पड़ा।

Comments