मिराज-2000 क्रैश में शहीद पायलट की पत्नी ने एसएसबी परीक्षा पास की, वायुसेना में शामिल होंगी

नई दिल्ली. करीब 5 महीने पहले हुए मिराज-2000 क्रैश में स्क्वाड्रन लीडर समीर अब्रोल की मौत हो गई थी। अब उनकी पत्नी गरिमा अब्रोल ने सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (एसएसबी) की परीक्षा पास कर ली है। वह जल्द ही वायुसेना में शामिल होंगी। रिटायर्ड एयर मार्शल अनिल चोपड़ा ने सोमवार को ट्विटर से इसकी जानकारी दी। चोपड़ा ने बताया कि गरिमा पहले तेलंगाना की दुंदिगल एयरफोर्स एकेडमी ज्वाइन करेंगी। इसके बाद जनवरी 2020 में वायुसेना का हिस्सा बनेंगी।

चोपड़ा ने गरिमा और समीर की फोटो पोस्ट कर उन्हें असाधारण क्षमताओं वाली महिला बताया। उन्होंने आगे लिखा, “सभी महिलाएं बराबर नहीं होतीं, कुछ जवानों की पत्नियां होती हैं।” 

विमान से बाहर निकलने के बाद हुए हादसे का शिकार

बेंगलुरू में इस साल 1 फरवरी को ट्रेनी लड़ाकू विमान मिराज-2000 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इसमें 2 पायलटों की मौत हो गई। हादसा हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) एयरपोर्ट पर हुआ। प्लेन में स्क्वाड्रन लीडर समीर अब्रोल के साथ स्क्वाड्रन लीडर सिद्धार्थ नेगी सवार थे। हादसे के वक्त दोनों प्लेन से बाहर निकल गए थे। एक पायलट की मौत प्लेन के मलबे पर गिरने से हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

सरकार कर रही हादसे की जांच

इस मामले में समीर के भाई सुशांत ने केंद्र जांच की मांग की थी। दरअसल, दोनों पायलट विमान में कुछ बदलाव किए जाने के बाद उसे टेस्ट फ्लाइट के लिए लेकर उड़े थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टेक ऑफ के बाद विमान की लैंडिंग की कोशिश फेल हो गई थी। इस दौरान मिराज का आगे का हिस्सा रनवे के गेट से लड़कर टूट गया। गरिमा सिंह ने हादसे के बाद सरकार से मामले में न्याय दिलाने की मांग की थी।

नई दिल्ली. पाकिस्तान ने 139 दिन बाद भारतीय समेत अन्य विमानों के लिए अपना एयरस्पेस सोमवार रात 12.41 बजे खोल दिया। भारतीय उड्यन विभाग ने मामले की समीक्षा की और अब दोनों देशों के बीच विमानों की आवाजाही शुरू हुई। भारतीय वायुसेना ने पुलवामा हमले के बाद 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शिविरों पर एयर स्ट्राइक की थी। उसके अगले दिन पाक विमानों ने कश्मीर में घुसपैठ की कोशिश की। तभी से पाक ने एयर स्पेस बंद कर रखा था।

एयर स्पेस बंद होने के दौरान यूरोप और खाड़ी देशों की ओर जाने वाली सभी फ्लाइट गुजरात के ऊपर से अरबसागर पार करते हुए जा रही थीं। पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एससीओ समिट में हिस्सा लेने किर्गिस्तान जाना था। तब पाक ने मोदी के लिए 48 घंटे तक अपना एयरस्पेस खोला था, लेकिन मोदी ने पाक एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं किया।

एयर इंडिया को 491 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ

पाकिस्तान सिविल एवियएशन अथॉरिटी ने एयर स्पेस पर लगे प्रतिबंध को सभी नागरिक विमानों के लिए तत्काल प्रभाव से हटाया है। पाक एयरस्पेस बंद होने से एयर इंडिया को लगभग 491 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा था। इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गेनाइजेशन के डाटा के अनुसार इससे रोजाना करीब 233 विमानों के करीब 70 हजार यात्री परेशान हो रहे थे। इन्हें गंतव्य तक पहुंचने में डेढ़ से दो घंटे ज्यादा समय लग रहा था। एयर इंडिया के मुताबिक, एयरस्पेस खोले जाने से यूएस जाने वाली फ्लाइटों के खर्च में 20 रु. प्रति ली. की कमी आएगी।

Comments